रायगढ़

शासन ने मारी ब्रेक—कर्मा महोत्सव 2025 स्थगित, जनजातीय अंचलों में छाया मायूसी का माहौल!

शासन ने मारी ब्रेक—कर्मा महोत्सव 2025 स्थगित, जनजातीय अंचलों में छाया मायूसी का माहौल!

रायगढ़/लैलूंगा —
जिलेभर में बड़े उत्साह और तैयारी के साथ मनाए जाने वाले कर्मा महोत्सव 2025 पर अचानक प्रशासनिक ब्रेक लग गया है। कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) रायगढ़ द्वारा जारी पत्र क्रमांक क./5622/कर्मा महो./आ.वि./2025-26 दिनांक 28.10.2025 के माध्यम से इस वर्ष का कर्मा महोत्सव तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

ज्ञात हो कि विभागीय पत्र क./5606/दिनांक 24.10.2025 के तहत जनपद पंचायतों को कर्मा महोत्सव के आयोजन हेतु तैयारी के निर्देश दिए गए थे। कई पंचायतों ने मंच, झांकी, नृत्य दल और अतिथि स्वागत की तैयारी लगभग पूरी कर ली थी। लेकिनमंगलवार को कार्यक्रम होने से पहले आए इस स्थगन आदेश ने सभी तैयारियों पर पानी फेर दिया।

आदिवासी अंचलों में इस निर्णय से गहरा असंतोष और निराशा देखने को मिल रही है। ग्राम स्तर पर युवाओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर रिहर्सल शुरू कर दी थी, वहीं महिलाओं ने कर्मा नृत्य के गीतों की तैयारी कर रखी थी। अब आयोजन रुक जाने से लोग शासन के इस निर्णय पर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय कलाकारों और आयोजकों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के अचानक महोत्सव रोकने से न सिर्फ उत्सव की भावना आहत हुई है बल्कि आर्थिक नुकसान भी हुआ है। कई कलाकारों ने मंच, पोशाक और साउंड सिस्टम का एडवांस भुगतान कर रखा था।

आदिवासी विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासन से नवीन दिशा-निर्देश प्राप्त होने पर आयोजन की अगली तिथि की जानकारी पृथक से दी जाएगी। तब तक के लिए कर्मा महोत्सव 2025 स्थगित रहेगा।

जनता अब यह जानना चाहती है कि आखिर किस कारण से इतने बड़े सांस्कृतिक पर्व पर ब्रेक लगा दिया गया!